नीमच। बैकुंठ धाम स्थित 168 वर्ष प्राचीन मनोकामना महादेव मंदिर में श्रावण माह के प्रथम सोमवार पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातः 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
जलाभिषेक के पश्चात मंदिर परिसर में कमल के फूल पर विराजमान भगवान भोलेनाथ की भव्य झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झांकी में भगवान शिव कमल के पुष्प पर विराजित थे, जबकि उनके मुकुट पर सर्पलोक का मनोहारी स्वरूप भी आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालुओं ने झांकी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर समिति के संरक्षक शिव माहेश्वरी, अध्यक्ष दिलीप छाजेड़, उपाध्यक्ष रमेश जायसवाल, डॉ. विनोद शर्मा एवं चंपालाल पाटीदार ने शहर एवं जिले के सभी शिवभक्तों से श्रावण माह में मनोकामना महादेव के दर्शन कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु सच्ची श्रद्धा से पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करें।