चित्तौड़गढ़। कैलाश नगर (चामटीखेड़ा) स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास के अवसर पर आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। कथा का आयोजन बनवार परिवार द्वारा परिवार की वयोवृद्ध माताजी की अंतिम इच्छा की पूर्ति के निमित्त कराया जा रहा है।
श्री परशुराम भागवत सेवा समिति के संयोजक डॉ. योगेश व्यास ने गणपति वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राधेश्याम आमेरिया एवं अनिल सोनी ने बताया कि 8 अगस्त को प्रातः 11.15 बजे रामेश्वर महादेव मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में घोड़े, बैंड-बाजे के साथ महिलाएं मंगल कलश धारण कर चुनरी परिधान में शामिल होंगी, जबकि पुरुष सफेद वस्त्रों में यात्रा की शोभा बढ़ाएंगे।
कलश यात्रा रामेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर वृंदावन गार्डन, चामटीखेड़ा रोड होते हुए कथा स्थल पहुंचेगी। यहां कथाव्यास पंडित जनार्दन मौड़ श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगे। 9 अगस्त से प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक कथा का आयोजन होगा।
आयोजकों ने बताया कि वृंदावन गार्डन में भव्य कथा पंडाल तैयार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुभाष चौक, त्रिपोलिया हनुमान मंदिर, गांधीनगर, रामकुड़ी सहित विभिन्न स्थानों से निःशुल्क ऑटो सेवा की व्यवस्था भी रहेगी।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में रामेश्वर महादेव मंदिर, सर्वेश्वर मंदिर के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।