कुकड़ेश्वर। सावन मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर नगर कुकड़ेश्वर के समीप स्थित ग्राम जूना पानी के प्रसिद्ध श्री ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रातःकाल से ही भक्तों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
दिनभर मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने ष्हर-हर महादेवष् और ष्बम-बम भोलेष् के जयघोष के साथ भगवान शिव की आराधना की। सायंकाल भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती के पश्चात महाप्रसादी का वितरण किया गया।
रात्रि में आसपास के ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं द्वारा भजन-कीर्तन, रात्रि जागरण एवं शिव भक्ति का आयोजन किया गया। पूरा मंदिर परिसर शिवमय वातावरण से गूंज उठा और श्रद्धालु देर रात तक भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन रहे।
सावन सोमवार के अवसर पर मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने क्षेत्र की गहरी आस्था और भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया।