चित्तौड़गढ़। पूज्य सिंधी पंचायत विकास समिति एवं झूलेलाल युवा सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में प्रतापनगर सिंधी कॉलोनी स्थित भगवान झूलेलाल मंदिर में सिंधी समाज का प्रमुख चालिया पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पर्व के अंतर्गत समाज के बच्चों के लिए पूज्य अखा साहब के मंत्र लेखन एवं वाचन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में समाज अध्यक्ष योगेश भोजवानी मुख्य अतिथि तथा उपाध्यक्ष मोहन टेकचंदानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
झूलेलाल युवा सेवा समिति के अध्यक्ष जेकी आहुजा ने बताया कि सिंधी समाज का 40 दिवसीय चालिया पर्व 16 जुलाई से प्रारंभ होकर 24 अगस्त तक मनाया जाएगा। इस दौरान झूलेलाल मंदिर में आकर्षक झांकी सजाई गई है, जिसमें भगवान झूलेश्वर महादेव को जगन्नाथ शिव स्वरूप में अलंकृत किया गया है। प्रतिदिन सायंकाल भजन-कीर्तन एवं महाआरती का आयोजन किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन कमल चंचलानी ने किया।
इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष रवि मलानी, पूर्व अध्यक्ष कमल चंचलानी, राजेश तुलसानी, कपिल मलानी, भावेश नानवानी, कविता खटवानी, ध्रुव आहुजा, सुशी गिदवानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।