कुकड़ेश्वर। सावन मास के प्रथम सोमवार पर नगर के आराध्य देव राजाधिराज श्री सहस्त्रमुकेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के सुबह से ही भक्तों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
दिनभर मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
संध्या के समय आयोजित भव्य महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महाआरती के बाद भक्तों को महाप्रसादी वितरित की गई। रात्रि में भजन-कीर्तन एवं भव्य जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें देर रात तक श्रद्धालु शिवभक्ति में लीन रहे।
सावन के प्रथम सोमवार पर मंदिर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।