चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के 66वें स्थापना दिवस के पूर्व आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार को विद्यालय परिसर में अंतर विद्यालय पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार के निर्देशन में हुआ। मुख्य अतिथि कैंपस की प्रथम महिला मोनिका जसरोटिया थीं।
विद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता दो वर्गों—कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 10—में आयोजित की गई। इसमें बिरला शिक्षा केंद्र, हिंद जिंक स्कूल, सेंट्रल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट पॉल स्कूल, यूरोपियन इंटरनेशनल स्कूल, संस्कार द स्कूल एवं सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ सहित कुल सात विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता की थीम 'राजस्थान : विरासत की भूमि' एवं 'बाल श्रम' रही। विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, सामाजिक सोच और कल्पनाशक्ति का प्रभावी प्रदर्शन किया। पोस्टरों में राष्ट्रप्रेम, स्वच्छ भारत, हरित भारत और सामाजिक जागरूकता के संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आए।
मुख्य अतिथि मोनिका जसरोटिया ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और सृजनात्मक सोच का विकास करती हैं।
परिणाम इस प्रकार रहे-
कक्षा 6 से 8 वर्ग :
प्रथम : कैडेट हितेन प्रमोद (सैनिक स्कूल)
द्वितीय : कैडेट हसन रज्जा (सैनिक स्कूल)
तृतीय : खुशी टेलर (बिरला शिक्षा केंद्र)
कक्षा 9 से 10 वर्ग :
प्रथम : कैडेट नितिन कुमार (सैनिक स्कूल)
द्वितीय : कैडेट नितिन चौधरी (सैनिक स्कूल)
तृतीय : मोहिका राठौड़ (सेंट्रल एकेडमी)
समग्र विद्यालय परिणाम :
प्रथम : सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़
द्वितीय : हिंद जिंक स्कूल
तृतीय : बिरला शिक्षा केंद्र
प्रतियोगिता की संयोजक कला शिक्षिका कीर्तिबाला थीं। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।