नीमच। मनासा नगर में 27 फरवरी की शाम एक स्कूटी दुर्घटना के बाद विवाद की घटना सामने आई है। नगरपालिका कर्मचारी अर्जुन दुर्ज ने मनासा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अर्जुन दुर्ज के अंकल विनोद दुर्ज सड़क से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आई एक स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कूटी सवारों ने गलती मानने के बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
शिकायत में कहा गया है कि अगले दिन कोर्ट के सामने स्थित विकास खंड परिसर में श्यामलाल माली, हरीश माली, प्रकाश माली और ताराचंद माली ने प्रार्थी, उनके भाई और अन्य परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और मारपीट की धमकी दी। घटना के बाद परिवार में भय और तनाव का माहौल बन गया।
हादसे में घायल विनोद दुर्ज को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उनके सीने और पीठ में चोटों का इलाज जारी है। पीड़ित परिवार ने मनासा थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।