रतलाम। कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की मॉनिटरिंग की नवीन व्यवस्था अंतर्गत जिले के अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को जिले की 24 आँगनवाड़ी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आँगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण आहार प्रदाय करने वाले स्व सहायता समूह जिन्होंने आँगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण आहार कम मात्रा में प्रदाय किया या पोषण आहार अच्छी गुणवत्ता का नहीं पाया गया ऐसे तीन स्व सहायता समूहों के इस माह के देयक में से एक दिवस की राशि का कटौत्रा करने का आदेश जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रामनिवास बुधौलिया द्वारा जारी किया गया है एवं समूह संचालको को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति पाए जाने पर अनुबंध निरस्त करने की कार्यवाही की जाएगी।