रायसेन। जिले के सांची विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आलमखेड़ा में शनिवार को भीषण आगजनी हुई। इस घटना में 15 परिवारों के घर जल गए, जिससे वे बेघर हो गए। ग्रामीणों की फसल, कृषि यंत्र, नकदी और घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
रविवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने प्रभावित गांव का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव सरकारी मदद का आश्वासन दिया।
विधायक ने तत्काल राहत के तौर पर प्रत्येक पीड़ित परिवार को अपनी विधायक निधि से 5-5 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, मौके पर ही परिवारों को राशन किट भी वितरित किए गए।
इस दौरान एसडीएम मनीष शर्मा, तहसीलदार भरत सिंह और सांची थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी, पशु चिकित्सालय विभाग से डॉ सृष्टि सिंह भी उपस्थित थे। विधायक ने अधिकारियों को राजस्व नियमों के तहत जल्द से जल्द मुआवजा प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए। डॉ. चौधरी ने कहा कि इस संकट की घड़ी में सरकार प्रभावितों के साथ पूरी तरह खड़ी है।