भोपाल। मध्य प्रदेश के जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे में डूबने से 13 लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना के लिए पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी को जिम्मेदार बताते हुए भोपाल में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को शव यात्रा निकाली।
जवाहर बाल भवन से जैसे ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ता आगे बढ़े, पुलिस ने प्रकाश तरण पुष्कर के सामने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की। हालांकि, यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं माने और धक्का-मुक्की करने लगे।
11 अर्थियों की शव यात्रा निकाली
युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अमित खत्री और प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार के नेतृत्व में निकाली गई शव यात्रा में प्रतीकात्मक तौर पर 11 अर्थियां शामिल की गईं।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक अर्थियों और लाठी-डंडों को बैरिकेडिंग की ओर फेंकना शुरू कर दिया। पुलिस ने पहले कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो हल्का बल प्रयोग करते हुए युवा कांग्रेसियों को खदेड़ दिया।