चित्तौड़गढ़। जिले के गंगरार क्षेत्र स्थित एएसआई ग्लास फैक्ट्री में चिमनी गिरने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिला कलेक्टर डॉ. मंजू एवं पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी रविवार को तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन की तत्परता एवं समन्वय के चलते घटना में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर नुकसान नहीं हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चिमनी अचानक गिरी, लेकिन कर्मचारियों एवं प्रबंधन की सजगता से सभी सुरक्षित रहे।
कलेक्टर डॉ. मंजू ने अधिकारियों को सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा सर्वाेपरि है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन को सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने को कहा।
मौके पर उपखंड अधिकारी गंगरार, पुलिस उपाधीक्षक गंगरार सहित अन्य अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं फैक्ट्री प्रबंधन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
नीट परीक्षा केंद्र का भी किया निरीक्षण-
कलेक्टर डॉ. मंजू एवं एसपी मनीष त्रिपाठी ने मेजर नटवर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित नीट परीक्षा केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लेकर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।