चित्तौड़गढ़। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2026) रविवार को जिला मुख्यालय स्थित पांच परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की गई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रशासन द्वारा समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने बताया कि जिले में कुल 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां 1469 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1422 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे, जबकि 47 अनुपस्थित रहे। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था।
केंद्रवार उपस्थिति के अनुसार शहीद मेजर नटवर सिंह शक्तावत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 360 में से 348 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में 360 में से 353, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेन्थी में 360 में से 343, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में 240 में से 234 तथा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 149 में से 144 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।