रतलाम। सरकारी चारागाह भूमि पर अतिक्रमण के मामले में जावरा जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत सादाखेड़ी के सरपंच ईश्वरलाल चंद्रवंशी को पद से हटा दिया गया है। जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण की शिकायत की गई थी। जांच एवं तहसील कार्यालय से प्राप्त प्रतिवेदन में सरपंच को पद के दुरुपयोग एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का दोषी पाया गया। इसके आधार पर मप्र पंचायत राज अधिनियम की धारा 40(1) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटाया गया।
साथ ही उन्हें आगामी 6 वर्षों तक चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित किया गया है। जिले में अतिक्रमण के मामले में किसी जनप्रतिनिधि पर इस प्रकार की यह पहली सख्त कार्रवाई मानी जा रही है, जिससे अन्य जनप्रतिनिधियों में भी हड़कंप है।