चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने रविवार को सेंसस इंडिया 2026 सेल्फ एनुमरेशन सरकारी पोर्टल पर जाकर अपना एवं अपने परिवार का जनगणना प्रपत्र स्वयं भरा।
इस अवसर पर विधायक आक्या ने क्षेत्रवासियों के लिए संदेश जारी करते हुए कहा कि जनगणना हमारे देश की नींव है। उन्होंने बताया कि 1 मई से 15 मई तक नागरिक स्वयं अपना जनगणना प्रपत्र ऑनलाइन भर सकते हैं। इसके पश्चात 16 मई से 14 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे।
उन्होंने सभी से अपील की कि इस बार जनगणना प्रपत्र स्वयं भरकर इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि दी गई सही और पूर्ण जानकारी से सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं बुनियादी सुविधाओं की बेहतर योजना बनाने में सहायता मिलती है।
विधायक ने यह भी कहा कि यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित एवं गोपनीय है तथा नागरिकों का डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हम सभी जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में योगदान दें।