चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण अंचलों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान जिले की सभी पाँचों विधानसभाओं में व्यापक स्तर पर आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत ग्राम रथ गाँव-गाँव पहुँचकर आमजन को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम रथ अभियान के तहत बड़ी सादड़ी विधानसभा क्षेत्र की डूंगला पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बड़वाई में सांसद सी.पी. जोशी ने ग्राम रथ शिविर में सहभागिता करते हुए ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इसी प्रकार सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक ने बड़ी सादड़ी विधानसभा क्षेत्र की डूंगला ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम रथ अभियान कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए ग्रामीणों से संवाद किया तथा उनकी समस्याएँ सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान एवं पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
मंत्री दक ने कहा कि राज्य सरकार आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा ग्राम रथ अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान कलाजत्था कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कलाकारों ने लोक शैली में प्रस्तुतियों के जरिए योजनाओं का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
इसी प्रकार डूंगला पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बिलोदा, अरनेड, बड़वई, रावतपूरा, किशन करेरी एवं करसाना में भी ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र में पांडोली, सिरेडी, पुरोहितों का सांवता एवं नरेला ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर एलईडी वैन के माध्यम से तथा कलाजत्था कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में सतखंडा, अरनिया जोशी, उखलियाँ, टाई एवं अरनोदा ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर अभियान के तहत इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बेगूं विधानसभा क्षेत्र में राजगढ़, इटावा, दुगार, मोतीपुरा एवं बरनियास ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर भी एलईडी वैन एवं कलाजत्था प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।
कपासन विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति राशमी की ग्राम पंचायत झाड़ाना में पूर्व जिला प्रमुख सुशीला जीनगर ने सहभागिता निभाई। इसी प्रकार नेवरिया, सिहाना एवं ऊँचा ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर भी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।