देवास। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिल रही बढ़त के बाद देवास जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोज चौधरी ने पार्टी की बढ़त पर खुशी जाहिर करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया।
इस दौरान विधायक कार्यालय पर ढोल की थाप पर कार्यकर्ता और स्वयं विधायक मनोज चौधरी झूमते नजर आए। पूरे परिसर में “जय भाजपा, विजय भाजपा” के नारे गूंजते रहे।
विधायक मनोज चौधरी ने कहा कि जिस प्रकार भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में लगातार बढ़त बना रही है, उससे स्पष्ट है कि पार्टी बड़ी जीत की ओर अग्रसर है। उन्होंने इसे भाजपा के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।
उन्होंने आगे कहा कि बंगाल की जनता, विशेषकर हिंदू मतदाताओं ने भाजपा को समर्थन दिया है, जो रुझानों में साफ दिखाई दे रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा उठाए गए मुद्दों का जनता पर प्रभाव पड़ा है और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
जश्न के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और पार्टी के समर्थन में जमकर नारे लगाए।