खरगोन। भीषण गर्मी के चलते ब्लड बैंकों में रक्त की कमी को देखते हुए खरगोन जिले में एक सराहनीय पहल की गई। ब्लड बैंक के सचिन चौहान ने पिपरी में पंडित दामोदर जी महाराज को रक्तदान के महत्व के बारे में जागरूक किया।
उनकी प्रेरणा से ग्राम गावसन में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लेते हुए 45 यूनिट रक्तदान किया।
यह रक्त सिकल सेल एनीमिया और थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा। शिविर में डॉ. विनय सिंह चौहान ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए और टीम के अन्य सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पंडित दामोदर जी महाराज ने भविष्य में हर कथा के साथ रक्तदान शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया, जिससे समाज में जागरूकता और जीवन बचाने का कार्य लगातार जारी रह सके।