गरोठ। कलेक्टर अदिति गर्ग के निर्देश पर गरोठ एसडीएम कार्यालय में स्टीमर संचालकों एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम राहुल चौहान ने की।
बैठक में स्टीमर संचालन को लेकर सुरक्षा मानकों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कई अहम निर्णय लिए गए। तय किया गया कि बीमा, फिटनेस और परमिट जैसे आवश्यक दस्तावेज पूरे होने तक किसी भी स्टीमर का संचालन नहीं किया जाएगा। साथ ही सभी स्टीमरों में जीपीएस सिस्टम लगाना अनिवार्य कर दिया गया है, ताकि उनकी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
एसडीएम राहुल चौहान ने स्पष्ट कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित मानकों का पालन करने के बाद ही स्टीमर संचालन की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन के इस निर्णय से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम माना जा रहा है।