नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा जिले में आयोजित की जा रही रात्रि चौपाल के क्रम में मंगलवार, 5 मई 2026 को कुकडेश्वर टप्पा के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य ग्राम टामोटी में रात्रि चौपाल आयोजित की जाएगी। यह जिले में आयोजित की जा रही दूसरी रात्रि चौपाल है। इससे पूर्व पहली रात्रि चौपाल 23 अप्रैल 2026 को ग्राम कोज्या में आयोजित की गई थी।
मौके पर होगा समस्याओं का निराकरण-
टामोटी में आयोजित रात्रि चौपाल में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान वे ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर ही निराकरण करेंगे। कार्यक्रम अनुसार कलेक्टर एवं सभी जिला अधिकारी मंगलवार को अपराह्न 3.30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होंगे तथा अपराह्न 4 बजे एक ही बस से टामोटी के लिए रवाना होंगे।
एसडीएम ने की ग्रामीणों से अपील-
एसडीएम मनासा किरण आंजना ने क्षेत्र के ग्रामीणों से रात्रि चौपाल में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रखने तथा शासन की योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया है। रात्रि चौपाल का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ अंचलों में निवासरत ग्रामीणों की समस्याओं का उनके गांव में ही निराकरण करना तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी देना है।