नीमच। जनसामान्य एवं ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के तीनों विकासखंडों में प्रतिमाह आयोजित की जा रही रात्रि चौपाल के सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेशानुसार रात्रि चौपाल की जिला स्तरीय व्यवस्थाओं एवं समन्वय के लिए डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
ग्रामीण समस्याओं के त्वरित समाधान का उद्देश्य-
रात्रि चौपाल का मुख्य उद्देश्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करना तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्रतानुसार लाभ दिलाना है।
व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तय-
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत को निर्देशित किया गया है कि जिस क्षेत्र में रात्रि चौपाल आयोजित होगी, वहां की संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित एसडीएम एवं जनपद सीईओ की होगी।
तत्काल प्रभाव से लागू आदेश-
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है, ताकि रात्रि चौपाल के आयोजन को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जा सके।