मंदसौर। कलेक्टर अदिती गर्ग की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक सुशासन भवन स्थित सभागृह में आयोजित की गई। बैठक में गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, सिविल सर्जन डॉ. रावत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चौहान सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला चिकित्सालय की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख रूप से चिकित्सालय में आदर्श पब्लिक टॉयलेट निर्माण की अनुमति, नवीन सीसीबी भवन से मुख्य चिकित्सालय भवन तक पहुंच मार्ग पर शेड निर्माण, पोस्टमार्टम रूम परिसर में आवश्यक कार्य, माइक्रोबायोलॉजी लैब की व्यवस्थाएं तथा सोनोलॉजिस्ट की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर गर्ग ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय में उपलब्धता के अनुसार प्रत्येक मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध हो, इसके लिए ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा के सुगम एवं त्वरित संचालन को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।