शिवपुरी। जिले के कोलारस तहसील के इंदार थाना क्षेत्र अंतर्गत अम्हरा गांव मे बिजली के तार जोडते समय दो चचेरे भाई तेज करंट की चपेट मे आ गए। इस हादसे मे रविन्द्र यादव नामक युवक की मौत हो गई,वहीं दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित थी। इससे परेशान ग्रामीणों ने लाइन दुरुस्त कराने की कोशिश की। परिजनों का आरोप है कि लाइनमैन अरविंद कुशवाह ने मौके पर आने के बजाय परमिट दिलवाने की बात कही और परमिट मिलने के बाद खुद लाइन जोड़ने के लिए कहा। बताया गया कि लाइनमैन और माढ़ा फीडर के ऑपरेटर ने परमिट मिलने की सूचना दी, जिसके बाद दोनों भाई लाइन जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़ गए और लाइन जोड़ते समयअचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई, जिससे तेज करंट लगने पर दोनों भाई खंभे से नीचे गिर गए। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने रविंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल राजपाल यादव को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।