गरोठ। ग्राम कोटडाबुजुर्ग में बड़े पैमाने पर अवैध पेड़ों की कटाई किए जाने का आरोप ग्रामीणों द्वारा लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से खुलेआम पेड़ों की कटाई की जा रही है, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार रात के समय लकड़ी से भरे ट्रैक्टर गांव से होकर गुजरते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ लोग बाहरी क्षेत्रों से आकर तथा कुछ स्थानीय लोगों की मिलीभगत से बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। आरोप है कि आधुनिक मशीनों के माध्यम से मात्र आधे घंटे में ही पेड़ काटकर ट्रैक्टर भर लिए जाते हैं।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि प्रशासनिक कार्रवाई के डर से यह गतिविधियां मुख्य रूप से रात के समय की जा रही हैं। वाहनों पर हरी नेट डालकर लकड़ी परिवहन किया जाता है ताकि पहचान से बचा जा सके।
सूचना के अनुसार कटाई के बाद लकड़ी को राजस्थान के सिहलेगढ़ क्षेत्र की ओर भारी मात्रा में ले जाया जा रहा है। लकड़ी से भरे वाहन बोलिया चौकी के सामने से होकर गुजरते हैं, लेकिन पुलिस द्वारा इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
दिन-रात पेड़ों की कटाई से क्षेत्र में पर्यावरणीय असंतुलन की स्थिति बनती जा रही है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मामले का तुरंत संज्ञान लेकर जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के हित में अवैध पेड़ कटाई पर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता जताई है।