नीमच। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा मंगलवार को रेडक्रॉस सप्ताह के अंतर्गत एकता कॉलोनी, अयोध्या बस्ती स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 29 पर सर्व रोग निदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया।
चिकित्सा शिविर में सामान्य बीमारियों के साथ-साथ पेट एवं नेत्र रोगों की विशेषज्ञ जांच की गई। मरीजों को मौके पर ही निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। शिविर में डॉ. स्वप्निल वधवा, डॉ. अनुराधा द्विवेदी एवं डॉ. पप्पू गुर्जर ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों का उपचार किया।
शिविर के संचालन में वार्ड पार्षद रूपेंद्र लोक्ष, रेडक्रॉस समन्वयक सुनील तिवारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा।
रेडक्रॉस समिति के सचिव डॉ. स्वप्निल वधवा ने बताया कि 2 मई से 8 मई तक चल रहे रेडक्रॉस सप्ताह के दौरान विभिन्न गतिविधियां एवं कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 6 मई को ग्राम दारू और दूदरसी में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली जाएगी। यह शिविर स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना।