नीमच। शहर के जैन भवन रोड स्थित एक बिजली डीपी (डिस्ट्रीब्यूशन पैनल) में सोमवार देर शाम अचानक भीषण आग लग गई। घटना के दौरान जोरदार धमाके के साथ आग की लपटें उठीं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए बाजार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार डीपी से अचानक तेज चिंगारियां निकलने लगीं, जिसके बाद विस्फोट जैसी आवाज के साथ आग भड़क उठी। घटना के चलते तत्काल इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित कर दी गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली कंपनी एवं दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पर बिजली विभाग के कर्मचारियों ने एहतियातन क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद की, वहीं नगरपालिका की फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
घटना के कारण लगभग 40 मिनट तक पूरा इलाका अंधेरे में रहा, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा और लोगों को गर्मी एवं उमस का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की टीम के पहुंचने तक डीपी को काफी क्षति पहुंच चुकी थी।
गौरतलब है कि शहर में कुछ ही दिनों के भीतर डीपी में आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले बीएसएनएल कार्यालय के सामने भी इसी तरह डीपी में आग लग चुकी है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से बिजली विभाग के रखरखाव कार्यों पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि पुरानी एवं जर्जर डीपी का शीघ्र सुधार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।