नीमच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नीमच सिटी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 45 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा एवं एक सफेद रंग की एस-क्रॉस कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 29 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर नीमच-मनासा मार्ग स्थित ग्राम गिरदौड़ा में नायक कृषि फार्म हाउस के सामने नाकाबंदी की। इस दौरान सफेद रंग की एस-क्रॉस कार (क्रमांक जीजे-06-जेई-8907) की तलाशी लेने पर उसमें रखे दो काले कट्टों से 45 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया।
मामले में पुलिस ने आरोपी महेन्द्रराम पिता श्यामलाल सारण (24 वर्ष), निवासी ग्राम बावरला, थाना डांगियावास, जिला जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना नीमच सिटी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत एवं तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना नीमच सिटी पुलिस एवं साइबर सेल नीमच की सराहनीय भूमिका रही।