शाजापुर। कलेक्टर ऋजु बाफना एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशानुसार राजस्व विभाग एवं थाना कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एबी रोड स्थित कौटिल्य स्कूल के पास संचालित शर्मा रेस्टोरेंट पर दबिश दी।
दबिश के दौरान रेस्टोरेंट में कुछ व्यक्ति टेबल-कुर्सियों पर बैठकर शराब का सेवन करते पाए गए, जो पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। वहीं शराब परोस रहे युवक दयाल मालवीय (23), निवासी टुकराना जोड़ बल्ड़ी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने शराब पुराने फ्रीजर में छिपाकर रखना स्वीकार किया। तलाशी के दौरान फ्रीजर से 17 क्वार्टर देशी प्लेन शराब (कीमत लगभग 1360) बरामद हुई।
मौके से शराब परोसने एवं अवैध गतिविधियों के कोई वैध अनुज्ञा पत्र नहीं पाए गए। कार्रवाई में 17 क्वार्टर देशी शराब, फ्रीजर, टेबल, लोहे की कुर्सियां, बीयर की खाली केन, शराब की खाली बोतलें एवं डिस्पोजल ग्लास जप्त किए गए।
रेस्टोरेंट संचालक सीमा शर्मा मौके पर उपस्थित नहीं मिली, जिनसे अलग से पूछताछ की जाएगी।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34 एवं 36(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी मनीषा वास्कले, नायब तहसीलदार गौरव पोरवाल, पटवारी ललित कुम्भकार एवं थाना प्रभारी संतोष वाघेला मौजूद रहे।