रतलाम। कलेक्टर मिशा सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में मातृ स्वास्थ्य, टीकाकरण, गृह आधारित नवजात शिशु सुरक्षा, एसएनसीयू, एनसीडी, टीबी कार्यक्रम, सिकल सेल, मलेरिया, अंधत्व, आईडीएसपी, टेली कंसल्टेशन सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला पोषण समिति की संयुक्त बैठक में समन्वित आंकड़े प्रस्तुत किए जाएं तथा स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग मिलकर गर्भवती महिलाओं व शिशुओं को प्रभावी सेवाएं प्रदान करें। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की प्रथम जांच अनिवार्य रूप से 12 सप्ताह के भीतर सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रसव संभावित महिलाओं की लाइन लिस्ट तैयार कर उन्हें समय पर बर्थ वेटिंग रूम में भर्ती कराया जाए। साथ ही कम उपलब्धि वाले स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने सेक्टर मेडिकल ऑफिसर द्वारा मैदानी कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा कर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अधिक से अधिक स्क्रीनिंग कर मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।