उज्जैन। संभागायुक्त आशीष सिंह की अध्यक्षता में उज्जैन संभाग की कलेक्टर कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर उपस्थित रहे। बैठक में राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की गई।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए तथा अधीनस्थ कार्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जाए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समय-सीमा से बाहर प्रकरण पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर पेनाल्टी लगाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि अविवादित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन जैसे लंबित प्रकरणों को एक माह के भीतर समाप्त किया जाए। साथ ही निचले अमले की कार्यप्रणाली पर सतत निगरानी रखी जाए तथा बिना कारण किसी भी सीमांकन प्रकरण को निरस्त न किया जाए।
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि उज्जैन जिले में सीमांकन प्रकरणों की कोई लंबित पेंडेंसी नहीं है। इसी प्रकार नीमच जिले में भी कोई लंबित प्रकरण नहीं है।
बैठक में नक्शा दुरुस्ती, गेहूं खरीदी, भंडारण एवं परिवहन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित जिलों के कलेक्टरों ने जानकारी प्रस्तुत की।