बालाघाट। नीट परीक्षा रद्द होने के विरोध में बुधवार को युवक कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने काली पुतली चौक पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
जलता पुतला लेकर भागे कार्यकर्ता
शाम करीब 4 बजे हुए प्रदर्शन में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परीक्षा रद्द करने के फैसले को लेकर नाराजगी जताई। इस दौरान पुलिस और नगर पालिका के फायरकर्मी पुतला बुझाने पहुंचे, लेकिन कार्यकर्ता जलता पुतला लेकर भाग गए। बाद में फायर वाहन की मदद से आग बुझाई गई।
परीक्षा रद्द होने से छात्रों में नाराजगी
युवक कांग्रेस नेताओं का कहना है कि 3 मई को परीक्षा देने वाले हजारों छात्रों को दोबारा परीक्षा की चिंता सताने लगी है। इससे छात्रों और अभिभावकों में निराशा है।
जिलाध्यक्ष शिवम विश्वकर्मा ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा रद्द होना शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी को दिखाता है। उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।