चित्तौड़गढ़। थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, राजसमंद और उदयपुर जिलों में कई मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि 6 मई 2026 को गादोला निवासी पंकज गायरी ने कोतवाली निम्बाहेड़ा थाने में मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, वह आदर्श कॉलोनी स्थित एक गारमेंट्स दुकान पर काम करता है और उस दिन गांव से उधार ली गई मोटरसाइकिल दुकान के बाहर खड़ी की थी, जिसे अज्ञात बदमाश चुरा ले गए। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक मोटरसाइकिल ले जाते हुए दिखाई दिए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने नारायणलाल बैरवा (26) निवासी धमाणा धोबीखेड़ा और अयूब मोहम्मद मंसूरी (21) निवासी धमाणा, थाना कपासन को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने एक अन्य फरार साथी के साथ मिलकर निम्बाहेड़ा से चोरी की गई मोटरसाइकिल के अलावा पांच अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, राजनगर और उदयपुर क्षेत्र में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूला है।
पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है तथा गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच जारी है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।