झाबुआ। जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संपन्न करने तथा आमजन में जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कलेक्टर कार्यालय परिसर से जनगणना प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह प्रचार रथ आगामी सात दिनों तक जिले के विभिन्न नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को जनगणना के महत्व से अवगत कराएगा। साथ ही मकान सूचीकरण कार्य के दौरान प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को सहयोग प्रदान करने तथा नागरिकों से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए लोगों को प्रेरित करेगा।
प्रचार रथ के माध्यम से जनगणना संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे आमजन में जागरूकता बढ़े और जनगणना कार्य सुचारू एवं प्रभावी रूप से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर विजय कुमार मंडलोई, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) झाबुआ महेश मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर महेश बडोले, जिला जनगणना अधिकारी रीतिका पाटीदार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।