नीमच। मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। नीमच जिले में भी आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जलभराव एवं उफनते नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के ऊपर सक्रिय मानसूनी ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मध्य प्रदेश के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। इसी के चलते नीमच सहित मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, भोपाल और इंदौर संभाग के कई जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. धर्मेंद्र अगासे ने बताया कि 30 जुलाई को जिले में बहुत भारी बारिश के साथ बिजली चमकने, आंधी-तूफान तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
प्रदेश के बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम और रायसेन जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि देवास, सीहोर, हरदा, बैतूल, सागर, नरसिंहपुर, दमोह और जबलपुर सहित कई जिलों में भारी वर्षा होने का अनुमान है। मानसून की सक्रियता का असर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में दिखाई देने लगा है, जहां लगातार बारिश से कई नदी-नाले उफान पर हैं और कुछ स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग ने नीमच जिले के नागरिकों को खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी है। किसानों को खेतों में कार्य करते समय बिजली गिरने और तेज हवाओं से सावधानी बरतने तथा आमजन को जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनते नालों से दूर रहने की अपील की गई है। अगले दो दिनों तक जिले में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।