नीमच। सफाई कामगार परिवार के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए उनके कौशल उन्नयन हेतु प्रशिक्षण दिलाने तथा स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। यह निर्देश म.प्र. राज्य सफाई कामगार आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया ने नीमच में जिला अधिकारियों, सफाई कामगार संगठनों के प्रतिनिधियों एवं सभी सीएमओ की बैठक में दिए।
बैठक में एडीएम बीएस कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एनएस. सिसोदिया, जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी पराग जैन, नीमच सीएमओ दुर्गा बामनिया सहित सभी सीएमओ एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।
रिक्त पदों एवं नियोजन पर की समीक्षा-
बैठक में आयोग के अध्यक्ष ने विभिन्न कार्यालयों एवं नगरीय निकायों में सफाई कामगारों के स्वीकृत एवं रिक्त पदों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभिन्न निकायों द्वारा विनियमित किए गए कर्मचारियों को पात्रतानुसार स्थायी करने की कार्यवाही की जाए।
समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश-
उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई कामगारों को नियमानुसार अवकाश तथा मृत्यु प्रकरणों में उपादान का भुगतान समय सीमा में किया जाए। सभी सफाई कामगारों का वेतन प्रतिमाह 10 तारीख तक अनिवार्य रूप से भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा-
बैठक में वेतन-भत्ते, एनपीएस, अनुकंपा नियुक्ति, रिक्त पदों की पूर्ति, पेंशन, पीएफ, ईएसआई प्रकरणों के त्वरित निराकरण सहित बस्ती विकास, सामुदायिक भवन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
सफाई कामगार परिवारों के लिए आवासीय सुविधा पर जोर-
उन्होंने नगर पालिका सीएमओ को नीमच में सफाई कामगारों के लिए आवासीय कॉलोनी विकसित करने तथा व्यावसायिक दुकानों का निर्माण कर आवंटन की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।