मंदसौर। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में व्यापक स्तर पर जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन के कार्य किए जा रहे हैं। अभियान के तहत जिले में डगवेल रिचार्ज के कुल 4296 कार्य प्रारंभ किए गए थे, जिनमें से अब तक 2639 कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।
विकासखंडवार कार्यों की स्थिति-
भानपुरा में 965 में से 440 कार्य, गरोठ में 991 में से 560, मल्हारगढ़ में 1066 में से 506, मंदसौर में 463 में से 639 तथा सीतामऊ में 811 में से 494 कार्य पूर्ण किए गए हैं।
विभिन्न जल संरक्षण कार्य जारी-
सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन ने बताया कि अभियान के अंतर्गत कंटूर ट्रेंच निर्माण, पर्काेलेशन तालाब निर्माण, अमृत सरोवर, खेत तालाब एवं डगवेल रिचार्ज जैसे कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इन कार्यों से वर्षा जल संरक्षण एवं भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा मिल रहा है।
पेयजल सुविधा एवं हरित विकास पर जोर-
गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ स्थापित किए जा रहे हैं ताकि आमजन एवं राहगीरों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। साथ ही “एक बगिया मां के नाम” परियोजना के तहत फलदार पौधों का रोपण किया जा रहा है।
प्राचीन जल स्रोतों का संरक्षण-
अभियान के तहत बावड़ियों एवं प्राचीन जल स्रोतों के जीर्णाेद्धार एवं संरक्षण कार्य भी प्राथमिकता से किए जा रहे हैं।
जनभागीदारी से चल रहा अभियान-
जिला प्रशासन ने आमजन से वर्षा जल संचयन एवं जल संरक्षण के उपाय अपनाने की अपील की है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके।