मुरैना। जिले की पोरसा तहसील के संगम नगर क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाकर इलाके में दहशत फैला दी। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है।
पहली घटना संगम नगर निवासी ऋषि कुशवाहा के घर की है, जहां चोरों ने देर रात करीब 10 हजार रुपये की चोरी कर ली। घटना के दौरान घर के सदस्य जाग गए, जिसके बाद ऋषि कुशवाहा ने चोरों का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
वहीं दूसरी और बड़ी वारदात में चोरों ने शिक्षक हरवेंद्र सिंह तोमर के घर को निशाना बनाया। चोर घर से लाखों रुपये की ज्वेलरी और नगदी सहित करीब 21 लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी लगते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्ध आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।