नीमच। पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशन में प्रदेशव्यापी चोरी एवं नकबजनी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया तथा प्रभारी एसडीओपी मनासा निकिता सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामपुरा उनि विपिन मसीह के नेतृत्व में पुलिस एवं साइबर सेल टीम द्वारा पशु चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा घटना में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण-
दिनांक 11.05.2026 को दुलीचंद पिता शंकरराम रावत मीणा निवासी डोरियाखेड़ी ने थाना रामपुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 06.05.2026 को उसके बाड़े में बंधी दो भैंस, एक पाड़ी एवं दो पाड़े अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इस पर थाना रामपुरा में अपराध क्रमांक 83/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
सीसीटीवी एवं साइबर सेल की मदद से खुलासा-
पुलिस टीमों द्वारा आसपास के थाना क्षेत्रों में जांच एवं साइबर सेल नीमच के सहयोग से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप वाहन घटनास्थल की ओर आता-जाता दिखाई दिया। वाहन के रूट को ट्रेस करते हुए संदिग्धों की पहचान की गई।
सूचना एवं तकनीकी जांच के आधार पर अर्जुन मीणा निवासी डोरियाखेड़ी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी अशफाक गढ़वी एवं बाबू पाटीदार के साथ मिलकर पशु चोरी करना स्वीकार किया।
आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने-
आईसीजेएस पोर्टल के माध्यम से जांच में पाया गया कि आरोपी अशफाक गढ़वी के विरुद्ध पूर्व में थाना वायडी नगर, दलौदा, जीरन एवं नारकोटिक्स विंग मंदसौर में 05 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि बाबू पाटीदार के विरुद्ध थाना भावगढ़, अफजलपुर, खाचरोद, दलौदा, औद्योगिक क्षेत्र जावरा एवं थाना पगडिया जिला झालावाड़ (राजस्थान) में 17 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी-
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया तथा घटना में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन (कीमत लगभग ₹5 लाख) को जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपी-
अर्जुन पिता घीसालाल रावत मीणा, उम्र 24 वर्ष, निवासी डोरियाखेड़ी, थाना रामपुरा
अशफाक पिता सलीम गढ़वी, उम्र 25 वर्ष, निवासी मुल्तानपुरा, थाना वायडी नगर, मंदसौर
बाबू पिता रामलाल पाटीदार, उम्र 35 वर्ष, निवासी एलची, थाना दलौदा, मंदसौर
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान-
इस कार्रवाई में उनि विपिन मसीह, सउनि हरिसिंह सिसोदिया, आरक्षक विजय बारीवाल, रघुवीर सिंह, जितेन्द्र प्रजापत, प्रभारी साइबर सेल प्र.आर. प्रदीप शिंदे सहित अन्य पुलिस कर्मियों का विशेष योगदान रहा।