शाजापुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को नगर पालिका परिषद शाजापुर एवं सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में नगर के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बापू कुटिया परिसर में भी पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) भूपेंद्र कुमार दीक्षित ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के लिए नगर पालिका द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर के विभिन्न पार्कों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य स्थानों पर पौधारोपण किया गया।
उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। सीएमओ श्री दीक्षित ने नागरिकों से भी अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने और उसकी देखरेख करने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष संतोष जोशी, सहायक यंत्री सुरेंद्र सोजतिया, जितेंद्र ठोंमरे, भरत चुराडिया, अनिल चूलीवाल सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं सहयोगी संस्थाओं के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।