पोलायकलां। कहा जाता है कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। आज ऐसी ही सेवा और संवेदनशीलता की जरूरत ग्राम खाटसुर निवासी डॉ. धर्मसिंह की पुत्री सलोनी के लिए है, जो गंभीर बीमारी से जूझ रही है। चिकित्सकों ने 70 लाख रुपए खर्च हो जाने के बाद उसके उपचार के लिए लगभग 25 लाख रुपए का खर्च बताया है, जो परिवार की आर्थिक क्षमता से कहीं अधिक है। सलोनी के माता-पिता अपनी बेटी को स्वस्थ करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन महंगे इलाज के कारण उन्हें समाज के सहयोग की आवश्यकता पड़ रही है। ऐसे में परिवार ने बारकोट के माध्यम से समाजसेवियों, दानदाताओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से मदद की अपील की है। समाज के प्रबुद्धजनों का कहना है कि किसी जरूरतमंद की सहायता करना ही सच्ची मानवता है। यदि समाज के लोग अपनी क्षमता अनुसार छोटा-बड़ा सहयोग करें तो सलोनी के इलाज के लिए आवश्यक राशि जुटाई जा सकती है। एक मासूम बेटी का जीवन बचाने में दिया गया सहयोग न केवल एक परिवार की उम्मीदों को संबल देगा, बल्कि मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण भी बनेगा।आज जरूरत है कि हम सब मिलकर मानवता का परिचय दें और सलोनी के बेहतर इलाज के लिए आगे आएं। किसी की जिंदगी बचाने से बड़ा पुण्य और कोई नहीं हो सकता। आइए, मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें और बीमार बिटिया सलोनी को नया जीवन देने में अपना योगदान दें।