सरवानिया महाराज। चढ़ोल से भादवा माता मार्ग पर सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। सड़क किनारे सुरक्षा के लिए लगाए गए पत्थर के पोल (स्टोन पॉइंट) बारिश शुरू होने से पहले ही कई स्थानों पर उखड़ गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान जहां खतरनाक मोड़ों और पुल-पुलियों के समीप क्रैश बैरियर या मजबूत सुरक्षा दीवार बनाई जानी चाहिए थी, वहां पत्थर के पोल लगाकर औपचारिकता पूरी कर दी गई। अब इनमें से कई पोल जमीन पर गिर चुके हैं, जिससे उनकी उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार करीब 76 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से निर्मित लगभग 49.82 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर अनेक स्थानों पर तीखे मोड़ और दुर्घटना संभावित क्षेत्र हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर मजबूत सुरक्षा उपाय आवश्यक थे, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा संरचनाएं नहीं दिखाई दे रही हैं।
स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि यदि किसी वाहन का नियंत्रण बिगड़ता है तो वर्तमान व्यवस्था दुर्घटना रोकने में कारगर साबित नहीं होगी। उनका कहना है कि मार्ग पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु एवं वाहन चालक आवागमन करते हैं, इसलिए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मार्ग का तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक स्थानों पर क्रैश बैरियर एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं स्थापित करने की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।