इंदौर। मध्यप्रदेश की राजनीति में बयानों के तीर एक बार फिर तेज हो गए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा दिए गए एक बयान पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे ने कड़ा रुख अपनाते हुए करारा जवाब दिया है। रणदीवे ने तंज कसते हुए कहा कि जीतू पटवारी को दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय पहले अपनी और अपनी डूबती हुई पार्टी की चिंता करनी चाहिए।
इतिहास के सबसे नकारा और फेल अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे ने कांग्रेस के भीतर के हालातों पर निशाना साधते हुए कहा, “अगर आज कांग्रेस का कोई आंतरिक सर्वे कराया जाए, तो यह साफ हो जाएगा कि मध्य प्रदेश के इतिहास में जीतू पटवारी से ज्यादा नकारा और फेल अध्यक्ष पहले कभी नहीं रहा। उन्हें न तो अपने कार्यकर्ताओं की चिंता है, न संगठन की परवाह है और न ही वे अपनी भाषा की मर्यादा का ध्यान रखते हैं।”
कांग्रेस खुद टूटने की कगार पर, यह पटवारी की निराशा
गौरव रणदीवे ने दावा किया कि जीतू पटवारी का बयान असल में उनकी खुद की हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “जीतू पटवारी अपने खुद का दर्द दूसरे शब्दों में बयां कर रहे हैं। कांग्रेस आज खुद पूरी तरह टूटने की कगार पर खड़ी है। यह पटवारी की निजी निराशा भी है क्योंकि वे अपनी खुद की विधानसभा से चुनाव हार चुके हैं। कांग्रेस को आज किसी और को नसीहत देने के बजाय आत्म-अवलोकन करने की सख्त जरूरत है।”
साइकिल चलाने के अलावा कोई काम नहीं किया
पटवारी पर व्यक्तिगत तंज कसते हुए रणदीवे ने कहा कि जीतू पटवारी ने राजनीति में साइकिल चलाने के अलावा और कोई बड़ा काम नहीं किया है। उनके हालिया बयानों में राज्यसभा न जा पाने की छटपटाहट और फ्रस्ट्रेशन साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। प्रदेश सरकार की स्थिरता और विकास का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। सरकार पूरी तरह मजबूत है और भाजपा के सभी विधायक मुख्यमंत्री के साथ कदमताल करते हुए प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं।