देवास। शहर के राम रहीम नगर स्थित साईं होम्यो क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए हड़कंप मचा दिया। क्लिनिक संचालक डॉ. सचिन नागर पर आरोप है कि वे बीएचएमएस डिग्री होने के बावजूद एलोपैथी पद्धति से इलाज कर रहे थे और मरीजों को भर्ती भी किया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक जिला अस्पताल की टीम ने अचानक पहुंचकर क्लिनिक के दस्तावेज, इलाज पद्धति और मरीजों से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच की। कार्रवाई के दौरान क्लिनिक में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के क्षेत्र में भी हलचल देखी गई।
बताया जा रहा है कि कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए थे कि नियमों के विरुद्ध क्लिनिक संचालन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद शिकायतें मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।