उज्जैन। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड उज्जैन, जिला उज्जैन अंतर्गत पंथ पिपलई सेक्टर के ग्राम पिपलिया राघो में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा ग्राम स्थित घाट पर साफ-सफाई एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति सदस्यों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर घाट को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का कार्य किया।
जल संरक्षण पर दिया गया जोर-
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक अरुण व्यास ने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण एवं स्वच्छता आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जल गंगा संवर्धन अभियान केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनजागरण का माध्यम है, जिससे समाज में जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश जा रहा है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपने आसपास के जल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई एवं संरक्षण हेतु सहभागिता करने का आह्वान किया।
स्वच्छ जल से ही स्वस्थ समाज संभव-
कार्यक्रम में उपस्थित सीएचओ मिथिलेश शर्मा ने कहा कि स्वच्छ जल स्रोत एवं स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। ऐसे श्रमदान कार्यक्रम समाज में एकता, सेवा एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
देवी अवंतिका सामाजिक कल्याण संस्था की अध्यक्ष करुणा शितोले ने कहा कि जन अभियान परिषद द्वारा संचालित गतिविधियां समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं तथा युवाओं एवं ग्रामीणों को सामाजिक कार्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष मनोज पाटीदार, जितेंद्र पाटीदार सहित समिति सदस्यों एवं ग्रामीणों ने श्रमदान कर घाट को स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।