बड़वानी। जिले में चोरी, नकबजनी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन हवालात” के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आदतन चोरी के आरोपी लोकेन्द्र उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर दो नकबजनी मामलों का खुलासा किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी महेश सुनैय्या के मार्गदर्शन में गठित टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी लोकेन्द्र उर्फ छोटू निवासी चांदशाह मोहल्ला, बड़वानी ने शहर में हुई दो अलग-अलग नकबजनी की वारदातों को अंजाम दिया था। पहले मामले में आरोपी ने सूने मकान का ताला तोड़कर मोबाइल, चांदी की पायजेब और नगदी चोरी की थी। वहीं दूसरे मामले में आरोपी घर में घुसा और महिला के सामने आने पर उसे धक्का देकर फरार हो गया था।
जांच के दौरान कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों घटनाओं का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 जोड़ी चांदी की पायजेब, 1 चांदी की चेन, 3 एंड्रॉयड मोबाइल और 20 हजार रुपये नकद सहित करीब 1 लाख 10 हजार रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी और मारपीट के तीन मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर केंद्रीय जेल बड़वानी भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह, एसआई रवि ठाकुर, प्रधान आरक्षक जगजोध सिंह सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।