तराना। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल एवं राष्ट्रीय महिला परिषद ओजस्विनी के पदाधिकारियों ने गौ संरक्षण से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने सड़कों पर भटक रहे गौवंश को सुरक्षित गौशालाओं में भेजने, गौहत्या पर सख्त कानून बनाने तथा गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग की।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि पूर्व में भी प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि गौशालाओं को अनुदान मिलने के बावजूद बड़ी संख्या में गौवंश सड़कों पर भटक रहा है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में उनकी मौत हो रही है।
संगठन ने शासकीय गोचर भूमि एवं हजारों बीघा सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा सभी गौशालाओं का निरीक्षण कर उनकी व्यवस्थाओं की जांच कराने की भी मांग की।
ज्ञापन सौंपते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 19 अगस्त 2026 (बुधवार) को महिदपुर नाका स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे पर धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा। संगठन का कहना है कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल, राष्ट्रीय महिला परिषद ओजस्विनी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।