शिवपुरी। शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम खोईया निवासी किसान हरिचरण यादव ने कृषि दवा विक्रेता पर गलत एवं अमानक दवा बेचने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर शिवपुरी को शिकायत सौंपकर जांच, कार्रवाई और मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसान का दावा है कि दवा के छिड़काव के बाद उसकी करीब 25 बीघा सोयाबीन की फसल पूरी तरह खराब हो गई, जिससे उसे लगभग ₹4 लाख का आर्थिक नुकसान हुआ है।
शिकायत के अनुसार हरिचरण यादव ने इस वर्ष अपनी कृषि भूमि पर सोयाबीन की फसल बोई थी। खरपतवार नियंत्रण के लिए उन्होंने रघुवंशी एग्रीटेक मार्केटिंग एलएलपी, रघुपुरम कॉलोनी, फतेहपुर रोड, बिग सिनेमा के पास, शिवपुरी से कृषि दवा खरीदी थी।
किसान का आरोप है कि विक्रेता की सलाह के अनुसार दवा का छिड़काव करने के बाद उसकी लगभग पूरी फसल नष्ट हो गई। जब वह शिकायत लेकर विक्रेता के पास पहुंचा तो कथित रूप से जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया गया। किसान के अनुसार विक्रेता ने कहा कि इसकी जिम्मेदारी दवा निर्माता कंपनी की है और वह इस मामले में कुछ नहीं कर सकता।
हरिचरण यादव ने अपने आवेदन में बताया कि कथित रूप से गलत अथवा अमानक दवा के कारण उसे करीब ₹4 लाख का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।