चित्तौड़गढ़। बस्सी थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर देशी कट्टानुमा हथियार के साथ फोटो पोस्ट कर आमजन में भय एवं दहशत का माहौल पैदा करने वाले हिस्ट्रीशीटर को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच कुछ असामाजिक तत्व झूठी शान और रुतबा कायम करने के उद्देश्य से हथियारों अथवा हथियारनुमा वस्तुओं के साथ फोटो एवं वीडियो पोस्ट कर लोगों में भय का वातावरण बना रहे हैं। ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी ग्रामीण दिनेश सुखवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रेमसिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
तकनीकी विश्लेषण एवं निगरानी के आधार पर सोशल मीडिया अकाउंट संचालक की पहचान कर मंगलवार को एच.एस. सोनू पुत्र शांतीलाल सुथार (32), निवासी सुधार मोहल्ला, बस्सी को देशी कट्टानुमा हथियार के साथ पोस्ट वायरल कर लोगों में भय व्याप्त करने के आरोप में शांति भंग में गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम में एएसआई भैरूलाल, कांस्टेबल विजेश एवं शोभाग शामिल रहे।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के हथियार अथवा हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन करने वाली फोटो, वीडियो या अन्य भ्रामक सामग्री पोस्ट, साझा अथवा प्रसारित न करें। अपराधियों का महिमामंडन करने तथा आमजन में भय एवं असुरक्षा का माहौल उत्पन्न करने वाली सामग्री का प्रसारण कानूनन दंडनीय है। ऐसा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।