भोपाल। मध्य प्रदेश में अमूल और मदर डेयरी के बाद अब सांची दुग्ध संघ ने भी दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। नए रेट 15 मई से लागू होंगे। इससे पहले सांची ने पिछले साल 7 मई को दूध के दाम बढ़ाए थे।
भोपाल में पैक्ड दूध की सबसे ज्यादा खपत सांची ब्रांड की है। शहर में रोजाना करीब 7.5 लाख लीटर से अधिक सांची दूध की बिक्री होती है। वहीं अमूल की खपत करीब 90 हजार लीटर प्रतिदिन है। इसके अलावा सौरभ और श्रीधी ब्रांड का एक लाख लीटर से ज्यादा दूध शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में खपता है। मदर डेयरी की खपत मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों में होती है।
हालांकि, भोपाल में पैक्ड दूध की तुलना में खुले दूध की बिक्री अधिक है। शहर में प्रतिदिन करीब 10 लाख लीटर खुले दूध की खपत होती है। हाल ही में खुले दूध के दाम भी 2 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाए गए थे। इसके बावजूद खुले दूध की कीमतें पैक्ड दूध से करीब 10 रुपए प्रति लीटर तक कम हैं।
इससे पहले अमूल और मदर डेयरी ने भी 14 मई से दूध के नए रेट लागू कर दिए हैं। गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन के अनुसार पशु आहार, पैकेजिंग और ईंधन की लागत बढ़ने के कारण दूध के दाम बढ़ाए गए हैं। अमूल का कहना है कि कीमतों में यह बढ़ोतरी 2.5 से 3.5 प्रतिशत के बीच है।
अमूल ने मई 2025 के बाद पहली बार दूध के दाम बढ़ाए हैं, जबकि मदर डेयरी ने इससे पहले अप्रैल 2025 में कीमतों में इजाफा किया था।