शिवपुरी। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ई-मोटराइज्ड स्कूटियों का वितरण किया गया। गुरुवार को मंगलम परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में 28 दिव्यांगजनों को जापानी तकनीक पर आधारित ये स्कूटियां सौंपी गईं। जिले के कुल 31 हितग्राहियों को दो चरणों में इसका लाभ दिया जा रहा है।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ संत रघुवीर सिंह गौर और समाजसेवी रेणु सांखला ने किया। इस अवसर पर दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. अजय खेमरिया और सक्षम संस्था के अध्यक्ष रविन्द्र कोपरगांवकर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सक्षम संस्था के अध्यक्ष रविन्द्र कोपरगांवकर ने बताया कि उनकी संस्था देशभर में दिव्यांगजनों के लिए सेवा कार्य कर रही है। इसी क्रम में शिवपुरी जिले के 31 दिव्यांगजनों को लगभग 50 लाख रुपए की लागत से ये ई-स्कूटियां उपलब्ध कराई गई हैं।
दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. अजय खेमरिया ने घोषणा की कि भविष्य में जिले के लगभग 50 और दिव्यांगजनों को ई-स्कूटी प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य उन्हें आवागमन के लिए आत्मनिर्भर बनाना है।
चार्ज होने पर 40 किमी चल सकता है
कार्यक्रम में बताया गया कि ये ई-व्हीकल आईआईटी मद्रास द्वारा जापानी तकनीक के आधार पर डिजाइन किए गए हैं। एक बार चार्ज होने पर यह वाहन लगभग 40 किलोमीटर तक चल सकता है और घर के अंदर व बाहर दोनों जगह उपयोग के लिए उपयुक्त है।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय विभाग की उपसंचालक नम्रता गुप्ता, विश्वजीत सरमण्डल, संजय पडवाड़े, सुनीत चौहान, राजीव श्रीवास्तव, रंजीत गुप्ता, अरविंद जैन, रौनक कोचेटा, डॉ. रामनिवास शर्मा सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और उनके परिजन भी मौजूद रहे।