खरगोन। कसरावद नगर में हजरत सूफी वजीर कुतुबे आफताब रहमतुल्लाह अलेह का 130वां उर्स मुबारक धार्मिक आस्था और अकीदत के साथ मनाया गया। उर्स के मौके पर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने दरगाह पर हाजिरी देकर अमन-चौन और खुशहाली की दुआ मांगी। आयोजन में गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली।
उर्स मुबारक के अवसर पर मुख्य अतिथियों का साफा बांधकर स्वागत किया गया तथा संत सियाराम बाबा का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और सचिन यादव गमी के कारण शामिल नहीं हो सके। उनकी ओर से प्रतिनिधि के रूप में परशराम यादव और पूर्व जनपद अध्यक्ष इंदर सिंह उपस्थित रहे।
देर रात तक चली कव्वाली महफिल में दिल्ली से आए गुलाम वारिस कव्वाल पार्टी एवं राजस्थान के सरफराज साबरी कव्वाल पार्टी ने सूफियाना कलाम पेश कर माहौल को रूहानी बना दिया। कव्वाली का दौर रात से शुरू होकर सुबह करीब 5 बजे तक चलता रहा।
इसके बाद सुबह 9 बजे रंगीन महफिल का आयोजन हुआ, जो दोपहर 12 बजे तक चला। रंगे महफिल में सरफराज साबरी ने “रंग पड़ा...” सहित कई सूफियाना कलाम पेश किए। वहीं ओम बिरला ने भी अपनी प्रस्तुति देकर श्रोताओं का दिल जीत लिया।
उर्स मुबारक के समापन पर लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान नगर में भाईचारे, सौहार्द और धार्मिक एकता का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में जिला सदर रियाजुद्दीन शेख, पत्रकार अजीजुद्दीन शेख, विवेक यादव, डॉ. हनीफ खान, शायर कयामुद्दीन कायम सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
वहीं सज्जादनशीं बंटी बाबा सूफी, उर्स कमेटी सदर रईस कुरैशी, नायब सदर अबरार पठान समेत उर्स कमेटी और लंगर कमेटी के सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।